राजधानी

Image Alt Text

सहकारिता का मंत्र ‘मैं’ नहीं, ‘हम’, अधिकारी नवाचार से बदलें व्यवस्था: तोमर

राजधानी

भोपाल। लोकतंत्र की असली ताकत सरकारों से अधिक उन अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों में दिखाई देती है, जो योजनाओं और कानूनों को आम जनता तक पहुंचाते हैं। अधिकारियों की भूमिका केवल नियमों का पालन कराने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना भी उनकी जिम्मेदारी है। यह बात मप्र विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने बुधवार को विधानसभा परिसर में सहकारिता, श्रम विभाग एवं उप पुलिस अधीक्षक सहित लगभग 60 प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। 

आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी के आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत भ्रमण पर आए प्रशिक्षु अधिकारियों से भेंट के बाद विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने उनसे नवाचार और जनहित को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि रोजगार, आत्मनिर्भरता और सामाजिक विकास का प्रभावी माध्यम है। इसका मूल मंत्र ‘मैं’ नहीं, ‘हम’ है। उन्होंने गुजरात के सफल सहकारिता मॉडल और महिला सहकारी समितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश को भी ऐसे सफल प्रयोगों से सीख लेकर सहकारिता आंदोलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहिए।

    श्रम विभाग की भूमिका पर बोलते हुए श्री तोमर ने कहा कि अधिकारियों को श्रमिकों के हितों की रक्षा और उद्योगों के विकास के बीच संतुलन बनाकर काम करना होगा। उद्योग और श्रमिक एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि उद्योग बढ़ेंगे तो रोजगार बढ़ेगा और रोजगार बढ़ेगा तो प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बदलते समय में अपराध के स्वरूप भी बदल रहे हैं। ऐसी स्थिति में पुलिस का दायित्व केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि जनता के मन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस की पहचान भय नहीं, बल्कि भरोसे की प्रतीक होनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने उपस्थित सभी प्रशिक्षु अधिकारियों  से कहा कि वे सही बात कहने का साहस रखें, व्यवस्था को मजबूत करें और जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। अंत में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए मध्यप्रदेश को विकास और सुशासन के नए आयामों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।