राजधानी

Image Alt Text

प्रदर्शनकारी किसानों के प्रतिनिधि मंडल से मिले कृषि मंत्री कंसाना, दिया आश्वासन-जायज मांगों का सकारात्मक समाधान करेगी सरकार

राजधानी

भोपाल। मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी सहित अन्य मांगों को लेकर चल रहे किसान आंदोलन के बीच कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने मंगलवार को मंत्रालय में किसान प्रतिनिधियों से भेंट कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कृषि मंत्री ने किसानों को आश्वस्त दिया कि सरकार उनकी जायज मांगों के प्रति संवेदनशील है और सभी मुद्दों का शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कृषि मंत्री कंसाना ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा मूंग खरीदी सहित अन्य विषयों पर आवश्यक कदम उठाए जाएं। 

मंत्री कंसाना ने किसानों से शांति बनाए रखने और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील करते हुए कहा कि सरकार और किसान एक-दूसरे के सहयोगी हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना तथा उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है। बैठक में किसान प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों और समस्याओं को विस्तार से रखा, जिस पर कृषि मंत्री कसाना ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र निर्णय लेने का भरोसा दिलाया।उन्होंने विश्वास दिलाया कि आपसी संवाद और सकारात्मक प्रयासों से किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान होगा तथा प्रदेश में खरीदी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाया जाएगा। इस बैठक में एसीएस नीरज मंडलोई, कृषि विभाग सचिव निशांत बड़वाड़े सहित विभाग के अन्य अधिकारी किसान संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पुलिस ने बदला शहर का यातायात 

राजधानी में किसानों का धरना प्रदर्शन स्थल आरआरएल तिराहा पुल से उतार नर्मदापुरम मार्ग तक चल रहा है। इस कारण पुलिस ने शहर के यातायात को परिवर्तित किया है। नर्मदापुरम रोड से आने वाले वाहन 11 मील बाईपास से होकर खजूरी कला एसओएस रोड पिपलानी होकर आएंगे और जाएंगे। इसी प्रकार मिसरोद ग्राम और भोपाल विश्वविद्यालय के बीच में जो कॉलोनी है उसमें रहने वाले लोग बावडय़िांकला ब्रिज  से चढक़र कोलार तथा 10 नंबर की और आवागमन कर सकते हैं। एमपी नगर से जिनको नर्मदापुरम मार्ग जाना हो वह गोविंदपुरा पिपलानी  और पटेल नगर या खजूरी कला मार्ग का उपयोग करे । जिनको एम्स जाने वाले  कटराहिल्स, बागसेवनिया तथा  आरएलएल ब्रिज के नीचे से बाये मुडक़र आवागमन कर सकते हैं।