राजधानी

Image Alt Text

आनंदोत्सव के रूप में हो सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण, मुख्यमंत्री ने दिए 15 जुलाई तक 70 सांदीपनि विद्यालयों के लोकार्पण के निर्देश

राजधानी

भोपाल। 70 सांदीपनि विद्यालय जो बनकर तैयार हो चुके हैं, 15 जुलाई तक उनका लोकार्पण कराएं। इन विद्यालयों का लोकार्पण औपचारिक कार्यक्रम न होकर शिक्षा, संस्कृति और जनभागीदारी का सामाजिक उत्सव दिखना चाहिए। स्कूल चलें अभियान के दौरान आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में बच्चों, उनके अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों को भी शामिल किया जाए। यह निर्देश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सांदीपनि विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दिए। 

यादगार बने लोकार्पण समारोह

मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण सिर्फ नए भवनों का उद्घाटन नहीं, हमारे नौनिहालों के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अध्याय का शुभारंभ है। कार्यक्रमों को यादगार बनाने के लिए बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएं। सभी बच्चों को स्वल्पाहार एवं मिष्ठान वितरित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकार्पण अवसर पर गुरु सांदीपनि के प्रेरणादायी जीवन पर आधारित एक लघु पुस्तिका प्रकाशित कर विद्यार्थियों में वितरित की जाए।

जो पहले लोकार्पित, वहां होंगे प्रवेशोत्सव 

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण पहले ही हो चुका है, वहाँ उत्साहपूर्वक प्रवेशोत्सव आयोजित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों से जुड़ाव बढ़े। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सभी तैयारियां समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक सांदीपनि विद्यालय प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त और आधुनिक शिक्षा का आदर्श केंद्र बने। बैठक में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह तथा स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप वर्चुअली जुड़े। 

46 स्कूल शिक्षा और 24 जनजातीय के सांदीपनि

स्कूल शिक्षा सचिव डा. संजय गोयल ने बताया कि लोकार्पित होने जा रहे 70 सांदीपनि विद्यालय भवनों में स्कूल शिक्षा विभाग के 46 और जनजातीय कार्य विभाग के 24 हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलों के प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इनका लोकार्पण कराया जाए। साथ ही आने वाली गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई) को हर जिले के एक सांदीपनि विद्यालय में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में गुरु पूर्णिमा उत्सव मनाया जाये।