राजधानी

Image Alt Text

मप्र के 30 जिलों के 283 परीक्षा केंद्रों में होगी ‘नीट’, नीट यूजी परीक्षा 21 जून को, मुख्यमंत्री ने की तैयारियों की सीमक्षा

राजधानी

भोपाल। आगामी 21 जून को आयोजित होने जा रही नीट (अंडर ग्रेजुएट)परीक्षा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय  मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा की। 

मुख्यमंत्रीने कहा कि नीट राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है। इसके लिए सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं। बेहतर प्रबंधन एवं कार्य कुशलता से पूरी पारदर्शिता के साथ यह परीक्षा सम्पन्न ककराएं। परीक्षा में किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की कमी या त्रुटि न रहे। परीक्षा कराने में संलग्न सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी सतर्कता से अपने कर्तव्यों का पालन करें। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मप्र में नीट परीक्षा 30 जिलों के 283 परीक्षा केंद्रों में कराई जाएगी। नीट परीक्षा की कुल अवधि सवा तीन घंटे की होगी। इस बार सभी परीक्षार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

19 को लगा दें बायोमैट्रिक, सीसीटीवी और जैमर 

मुख्यमंत्री ने नीट परीक्षा के समन्वयक उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षा केन्द्रों में लगाई जाने वाली बायोमैट्रिक मशीन, सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर 19 जून को ही परीक्षा केन्द्रों में लगा दिए जाएं। 20 जून को इनका परीक्षण भी कर लिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 जून को राष्ट्रपति का जबलपुर प्रवास प्रस्तावित है। जबलपुर शहर में 24 केंद्रों में नीट परीक्षा होनी है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी यातायात का ऐसा प्रबंधन करें कि सभी परीक्षार्थी बिना किसी बाधा के अपने-अपने परीक्षा केंद्रों में सुगमता से पहुंच जाएं। इसी दिन राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों के चलते परीक्षार्थियों को परेशानी नहीं होने देने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए। 

मप्र की परीक्षाओं में उपयोग होंगी नीट की एसओपी 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परीक्षा केंद्रों वाले सभी 30 जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों तथा परीक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया कि नीट परीक्षा की तैयारियों के लिए उपयोग में लाई गई एसओपी अब प्रदेश में होने वाली सभी परीक्षाओं में उपयोग में लाई जाएगी। परीक्षा केन्द्रों वाले जिलों के पुलिस कमिश्नर, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जुडक़र परीक्षा की अब तक की तैयारियों की जानकारी दी।

एसीएस ने बताई तैयारियां

एसीएस उच्च शिक्षा अनुपम राजन ने बताया कि नीट परीक्षा आयोजन के लिए जिलास्तरीय समन्वय समिति का गठन कर इनकी बैठकें भी कर ली गई है। नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर जिला नोडल अधिकारी की नियुक्ति भी कर दी गई है। प्रत्येक 3-4 परीक्षा केन्द्रों के लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सहायक उपनिरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी की नियुक्ति की गई है। संबंधित जिलों में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किये गये है। परीक्षा के प्रश्नपत्र प्रदेश के पांच एयरपोर्ट के माध्यम से पहुंच चुके है तथा एनटीए द्वारा तय किये गये दो अधिसूचित बैंकों में सुरक्षित रखे गये हैं। 

इन जिलों में होगी नीट की परीक्षा

इन्दौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, सागर, छिंदवाड़ा, बैतूल, भिंड, बालाघाट, अशोकनगर, छतरपुर, रतलाम, बड़वानी, खरगौन, धार, खंडवा, नर्मदापुरम्, दमोह, दतिया, देवास, गुना, मंदसौर, मुरैना, नीमच, राजगढ़, सिंगरौली, विदिशा और सतना। इन्दौर में 57, भोपाल में 32, ग्वालियर और जबलपुर में 24-24, रीवा में 12, बड़वानी में 11, खरगौन और रतलाम में 9-9 तथा उज्जैन में 8 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।