राजनीति

Image Alt Text

कांग्रेस की मीनाक्षी, भाजपा के महेश ने भरे नामांकन, राज्यसभा की तीसरी सीट पर भाजपा और कांग्रेस दोनों के अपनी-अपनी जीत के दावे

राजनीति

भोपाल। मध्यप्रदेश से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन और भाजपा प्रत्याशी महेश केवट ने सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया। दोनों ही दलों की ओर से अपनी-अपनी जीत का दावा भी किया जा रहा है। 

मीनाक्षी के नामांकन में कमलनाथ-दिग्विजय शामिल नहीं 

कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन सोमवार को दोपहर करीब 12.30 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित अन्य विधायकों के साथ विधानसभा पहुंचीं। यहां राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय ङ्क्षसह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उनके नामांकन में शामिल नहीं हुए। नामांकन के बाद सुश्री नटराजन ने कहा कि हम सब एकजुटता से चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।

टिकट से नाराज कांग्रेस नेता ने छोड़ी पार्टी : सुश्री मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने से नाराज कांग्रेस नेता और कांग्रेस के टिकट पर हुजूर विधानसभा सीट से दो बार चुनाव लड़ चुके नरेश ज्ञानचंदानी ने कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। कांग्रेस में वे दिग्विजय सिंह समर्थक थे। 

मुख्यमंत्री निवास पहुंचीं बीना विधायक सप्रे

राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए मतदान की संभावनाओं के बीच बीना से कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचीं। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया से चर्चा में यह दावा किया कि राज्यसभा चुनाव में निर्मला सप्रे भाजपा के साथ रहेंगी। उल्लेखनीय है कि विधायक सुश्री सप्रे पर कांग्रेस दलबदल करने का आरोप लगाते हुए उनकी सदस्ता समाप्त किए जाने का आवेदन विधानसभा अध्यक्ष से कर चुकी है। वहीं उनकी सदस्यता को लेकर प्रकरण न्यायालय में भी विचाराधीन है। 

केवट के नामांकन में शामिल रहे मुख्यमंत्री 

राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी महेश केवट सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद वरिष्ठ नेताओं, पार्टी के विधायकों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन भरने विधानसभा पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेन्द्र शुक्ला, मंत्री राकेश सिंह, कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल सहित कई विधायक, वरिष्ठ नेता भी नामांकन दाखिल कराने पहुंचे। 

हम तीनों राज्यसभा सीटों पर जीतेंगे: डॉ. यादव 

राज्यसभा की तीसरी सीट पर महेश केवट के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय प्रत्याशी के रूप में हमारे संसदीय बोर्ड ने गौरवशाली परंपरा के अनुरूप राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में महेश केवट का नाम दिया है। महेश केवट के रूप में माझी, मल्लाह, रैकवार, केवट समाज को प्रतिनिधित्व दिया है, जिसकी लोकसभा, विधानसभा में प्रतिनिधित्व की कमी थी। भाजपा ने उन्हें सीधे उच्च सदन में प्रतिनिधित्व देकर सभी वर्गों के प्रति प्रतिबद्धता का शंखनाद किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विजय हरेक पार्टी की इच्छा होती है। मुझे पूरा भरोसा है कि भारतीय जनता पार्टी अपने तीसरे प्रत्याशी को भी विजय मार्ग पर लेकर चलेगी। हम तीनों ही सीटों पर विजय होकर रहेंगे।