राजनीति

Image Alt Text

भाजपा के तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल ने भरा नामांकन, मुख्यमंत्री की कार में प्रदेश अध्यक्ष के साथ विधानसभा पहुंचे दोनों भाजपा प्रत्याशी

राजनीति

- सोमवार को नामांकन फार्म भरेंगी कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन

भोपाल। मध्यप्रदेश की दो राज्यसभा सीटों के लिए भाजपा प्रत्याशी तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल ने सोमवार को दोपहर करीब एक बजे विधानसभा पहुंचकर नामांकन फार्म जमा किया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में पूजा-अर्चना और पार्टी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद दोनों भाजपा प्रत्याशी मुख्यमंत्री की ई-कार में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ विधानसभा पहुंचे। 

प्रत्याशियों के नामांकन से पहले प्रदेश कार्यालय में पार्टी के सभी विधायकों की एक बैठक बुलाई गई। इसमें दोनों प्रत्याशी तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल के अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में चुनाव की रणनीति और एकजुटता को लेकर चर्चा हुई।

विधानसभा प्रमुख सचिव बने रिटर्निंग अधिकारी 

मप्र विधानसभा परिसर में दोनों भाजपा प्रत्याशियों तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए गए मप्र विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा के समक्ष मुख्यमंत्री, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सहित मंत्रियों-विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में अपने नामांकन दाखिल किए। नामांकन में पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवडा, सांसद वीडी शर्मा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल सहित मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उच्च सदन में करेंगे मप्र के हितों की पैरवी: मुख्यमंत्री 

दोनों राज्यसभा प्रत्याशियों के नामांकन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दोनों प्रतिनिधि उच्च सदन में प्रदेश के हितों की प्रभावी पैरवी करते हुए राष्ट्र के सतत विकास और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा भाजपा संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे। 

जमीनी कार्यकर्ताओं को बनाया प्रत्याशी:खंडेलवाल 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। दोनों राज्यसभा प्रत्याशी संगठन शक्ति को बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं। राज्यसभा में मध्यप्रदेश का नया नेतृत्व निश्चित तौर पर मध्यप्रदेश के लिए सौभाग्यशााली रहेगा। 

मप्र से प्रतिनिधित्व सम्मान का विषय:चुग

भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी तरूण चुघ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की शक्ति से संचालित होने वाला संगठन है। कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने व सम्मान देने वाली पार्टी है। मप्र भारत का दिल, यहां से प्रतिनिधित्व करना सम्मान का विषय है। 

भाजपा का नेतृत्व देवतुल्य :रजनीश 

राज्यसभा प्रत्याशी रजनीश अग्रवाल ने कहा कि हमारी पार्टी का नेतृत्व देवतुल्य है। देवतुल्य नेतृत्व के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर मिल रहा है। सामान्य कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी देने का कार्य सिर्फ भाजपा में ही संभव है, अन्य किसी भी दल में ऐसा नहीं होता। 

मीनाक्षी कल भरेंगी नामांकन 

राज्यसभा की कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन सोमवार, 8 जून को विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन में उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता, विधायक शामिल होंगे। सुश्री नटराजन नामांकन के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से नेताओं के काफिले के साथ रवाना होंगी। इससे पहले शनिवार शाम प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में उनके समर्थन के लिए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की उपस्थिति में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई।