राजधानी

Image Alt Text

गोविंदपुरा में लकड़ी फैक्ट्री में भीषण आग, सौ टेंकर पानी से नौ घंटे बाद पाया जा सका काबू

राजधानी

भोपाल। राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित लकड़ी फैक्ट्री शुभम एंटरप्राइजेस फैक्ट्री में आग लग गई। फैक्ट्री में कई टन लकड़ी, केमिकल, थ्रिनर आदि भरा था। इससे आग ज्यादा भभक गई। नगर निगम की दमकलों ने लगभग सौ टेंकर पानी से करीब 9 घंटे बाद आग पर काबू पाया। 

फैक्ट्री में आग शुक्रवार-शनिवार आधी रात के बाद लगी। सूचना मिलने पर गांधीनगर, गोविंदपुरा, कोलार, बैरागढ़, फतेहगढ़, आईएसबीटी, कबाडख़ाना दमकल स्टेशन से दमकलें और पानी के टैंकर पहुंचे। सुबह 9 बजे तक आग की लपटें काबू में आ पाईं। दमकल की टीमें रातभर आग बुझाने में जुटी रहीं। 

फैक्ट्री में बनते हैं दरवाजे-ब्लैक बोर्ड 

जानकारी के अनुसार, जिस फैक्ट्री में आग लगी, उसमें बड़े स्तर पर प्लाईवुड, लकड़ी के दरवाजे और ब्लैक बोर्ड बनाए जाते हैं। फैक्ट्री में कई टन लकड़ी भरी थी।इसके अलावा लकड़ी कारोबार में काम आने वाले केमिकल, थ्रिनर भी रखे थे। इसलिए पानी डालने के बाद भी आग काबू नहीं हो रही थी। दकमल विभाग के अधिकारियों के अनुसार दो जेसीबी की मदद से फैक्ट्री की बिल्डिंग का स्ट्रक्चर गिराया गया। इसके बाद जेसीबी से ही लकड़ी अलग-अलग की गई। इसके बाद आग बुझाई गई। केमिकल में लगी आग पानी डालने से और अधिक भडक़ रही थी। 

शार्ट सर्किट से आग लगने की संभावना

फैक्ट्री में आग लगने की वजह प्राथमिक तौर पर शार्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। आग की वजह से करोड़ों रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। हालांकि शुभम इंटरप्राइजेस से सटी लकड़ी की 3-4 और भी फैक्ट्री हैं। आग इनकी ओर न बढ़े इसके लिए नगर निगम दस्ता लगातार मेहनत करता रहा। इन फैक्ट्रियों की तरफ भडक़ी आग को सबसे पहले बुझाया।