राजनीति

Image Alt Text

राज्यसभा सीट को लेकर आशंकित कांग्रेस, मप्र की तीसरी सीट भी न छिन जाए इसलिए राष्ट्रीय स्तर से बन रही रणनीति

राजनीति

भोपाल। मध्यप्रदेश में रिक्त हो रहीं राज्यसभा की तीन सीटों के लिए आगामी 18 जून को मतदान होने हैं। विधायक संख्या के हिसाब से दो सीटें भाजपा और एक कांग्रेस के पास जाना तय है, लेकिन कांग्रेस को आशंका है कि कांग्रेस के कुछ विधायकों की संभावित बगावत के चलते भाजपा उसके हिस्से की तीसरी सीट भी छीन सकती है। 

उल्लेखनीय है कि मप्र में एक राज्यसभा सीट के लिए 58 विधायकों के मतों की जरूरत पड़ेगी और कांग्रेस के पास 64 विधायक हैं। उनमें भी न्यायालय के निर्णय के अनुसार विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान नहीं कर सकेंगे। बीना विधायक निर्मला सप्रे को कांगे्रस भाजपा के कोटे का मान रही है। दतिया से कांग्रेस विधायक राजेन्द्र भारती की विधायकी पहले ही निष्कासित की जा चुकी है। इस तरह कांग्रेस 62 विधायकों के भरोसे एक सीट के लिए प्रत्याशी उतारेगी। मप्र में भाजपा के कुल 164 विधायक हैं। 116 मतों के साथ दो सीटें पर तो जीत स्पष्ट है। तीसरी सीट के लिए भाजपा के पास कुल 48 विधायक हैं। निर्दलीय के मत के साथ यह संख्या 49 हो सकती है। कांग्रेस को आशंका है कि उसके सात विधायकों की बागावत उसे अल्पमत में ला सकती है। आशंका है कि चुनाव में अगर सात कांग्रेस विधायक क्रॉस मतदान करते हैं तो कांग्रेस के पक्ष में कुल 55 और भाजपा को 56 मत मिल सकते हैं। इसलिए कांग्रेस ने अपने विधायकों को अभी से एकजुट रखने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। 


राष्ट्रीय अध्यक्ष खडग़े से मिले उमंग सिंघार 

मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव से पहले मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोमवार को नईदिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े से भेंट की। उन्होंने श्री खडग़े से राज्यसभा चुनाव के वर्तमान राजनीतिक एवं संगठनात्मक समीकरणों पर चर्चा की। साथ ही मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन से जुड़े विभिन्न अहम विषयों, एवं आगामी रणनीति को लेकर विस्तृत समीक्षा रिपोर्ट भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपी। 

एक जून को जारी होगी चुनाव अधिसूचना

भारत निर्वाचन आयोग ने मप्र की तीनों राज्यसभा सीटों के लिए विगत 22 मई को चुनाव कार्यक्रम घोषित किया है। आयोग के अनुसार राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना 1 जून 2026 को जारी होगी, जबकि उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी और 11 जून नाम वापस लेने की अंतिम तारीख तय की गई है। इन सीटों के लिए मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना के बाद परिणाम घोषित होगा। 

21 जून को समाप्त हो रहा इनका कार्यकाल

मप्र की जिन तीन राज्यसभा सीटों का कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त हो रहा है, उनमें भाजपा के जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के दिग्विजय सिंह शामिल हैं। पार्टी की ओर से हरी झंडी नहीं मिलने पर दिग्विजय सिंह फिर से राज्यसभा जाने से इंकार कर चुके हैं। कांग्रेस के कई नेता राज्यसभा के लिए प्रयासरत हैं। हालांकि पार्टी ऐसे प्रत्याशी की तलाश कर रही है जो मतदान तक सभी विधायकों को एकजुट रख सके।