राजधानी

Image Alt Text

भोपाल के भानपुर केकडिय़ा में लगेंगे हितग्राही शिविर, समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने अधीनस्थों को दिए जरूरी निर्देश

राजधानी

भोपाल। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने पीएम जनमन एवं धरती आबा योजना के अंतर्गत भोपाल जिले के भानपुर केकडिय़ा ग्राम में राष्ट्रव्यापी अभियान ‘जनभागीदारी - सबसे दूर सबसे पहले’ के तहत 18 से 25 मई तक जनजातीय समुदायों के लिए विशेष हितग्राही शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान मैदानी संपर्क, योजनाओं की पूर्ण संतृप्ति एवं स्वास्थ्य विस्तार सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

लापरवाही पर जारी होंगे कारण बताओ नोटिस 

कलेक्टर श्री मिश्रा ने ई-विकास प्रणाली पोर्टल के माध्यम से उर्वरक वितरण हेतु कृषकों की फॉर्मर आईडी बनाने के लिए 15 मई से 30 मई तक आयोजित शिविरों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों को कारण बताओ सूचना-पत्र जारी किए जाएंगे। कलेक्टर ने सभी विभागों को शासन के ई-कार्यालय सिस्टम के माध्यम से ही कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। 

आधार सत्यापन के लिए लगे विशेष शिविर 

कलेक्टर मिश्रा ने 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आधार सत्यापन एवं सौ वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष शिविर आयोजित कर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति एवं पोर्टल पर अद्यतन जानकारी दर्ज करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिला विकास सलाहकार समिति की आगामी बैठक के संबंध में उन्होंने सभी विभागों को अपनी समस्याएं, भावी कार्ययोजनाएं एवं जिले से संबंधित सामान्य जानकारी व्यवस्थित रूप से तैयार कर जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को साप्ताहिक समीक्षा बैठक में प्रगति प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

अवैध पटाखा फैक्ट्रियों पर करें कार्रवाई 

कलेक्टर मिश्रा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को विस्फोटक एवं पटाखा प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने, मासिक प्रतिवेदन तैयार करने तथा अनुज्ञप्तिधारियों एवं अनधिकृत व्यक्तियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।