Breaking News:

• रेखा यादव ने संभाला महिला आयोग अध्यक्ष का कार्यभार • ‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश • पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश अध्यक्ष ने मिठाई के साथ खिलाई झालमुड़ी • कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार • मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले यह ऐतिहासिक और अभूतपूर्व दिन • रोटेशन नहीं ट्रांसफर हैं ये: चेकपोस्ट व्यवस्था के बाद ही जारी होगी परिवहन विभाग की चक्रानुक्रम (रोटेशन) सूची! अभी मैदानी अमले को मिलना शुरू हुई नई पदस्थापना
राजनीति

Image Alt Text

29-30 मार्च को भोपाल में वैचारिक प्रशिक्षण कार्यशाला सौ पेशेवर युवा बने भाजपा का ‘फ्यूचर फोर्स’

राजनीति

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त 2024 को लाल किले से अपने संबोधन में कहा था कि ‘राजनीति में ऐसे नए लोगों को अवसर मिलना चाहिए जिनके परिवारों का पहले से कोई राजनीतिक पृष्ठाधार न हो।’ उन्होंने यह बात भाजपा या किसी अन्य राजनीतिक दल विशेष के लिए नहीं कही थी। हालांकि इसकी शुरूआत भारतीय जनता पार्टी ने मप्र से गैर राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले पेशेवर सौ युवाओं का चयन करके की है। अब इन युवाओं के वैचारिक प्रशिक्षण के लिए 29-30 मार्च को भोपाल में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई है। ‘आई एम बीजेपी फ्यूचर फोर्स’ शीर्षक से तीन अलग-अलग स्थानों भाजपा कार्यालय, विधानसभा सभागार और अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति संस्थान में आयोजित कार्यशाला में 9 सत्र होंगे। कार्यशाला को पार्टी के केन्द्रीय एवं प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। 


‘फ्यूचर फोर्स’ में इनका चयन 

इंजीनियर, चिकित्सक, अभिभाषक, चार्टर्ड अकाउंटेंट, समाजसेवी, स्टार्टअप्स, युवा उद्यमी, महिला उद्यमी, पत्रकार, भूतपूर्व सैनिक, आईआईटीयन, सहित अलग-अलग क्षेत्र के पेशेवर, जिनका राजनीतिक पृष्ठाधार नहीं रहा। विगत छह महीनों से ऑनलाइन इस तरह के युवाओं के चयन की प्रक्रिया जारी थी।  



इस तरह किया गया चयन 

बीजेपी फ्यूचर फोर्स के लिए 45 पेज का ऑनलाइन गूगल फॉर्म जारी किया गया था। फार्म में उल्लेखित मापदंडों पर खरे उतरने वाले 45 वर्ष से कम आयु के इच्छुक कुल 790 युवाओं का चयन इसके लिए हुआ था। इनके चयन में पार्टी ने मानक संचालन प्रक्रिया को अपनाया। इसमें उसकी शिक्षा एवं योग्यता, विचारधारा, अनुभव जैसे अलग-अलग बिन्दुओं पर सवाल-जवाब किए गए। चयन में इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि संबंधित युवा का पारिवारिक पृष्ठाधार न रहा हो। इनमें से सौ युवाओं का चयन बीजेपी फ्यूचर फोर्स कार्यशाला के लिए किया गया है। 


कार्यशाला में इन नेता-पदाधिकारियों का संबोधन 

कार्यशाला में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद बांसुरी स्वराज, डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, डॉ अनिर्वान गांगुली, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित कुछ अन्य मंत्री भी संबोधित करेंगे। 


कार्यशाला में वैचारिक प्रशिक्षण 

चयनित पेशेवर पार्टी की सदस्यता पहले ही ले चुके हैं। लेकिन दो दिवसीय कार्यशाला में उन्हें पार्टी की रीति-नीति, कार्य संस्कृति एवं कार्य अनुशासन जैसे वैचारिक प्रशिक्षण दिए जाएंगे। 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लक्ष्य से भी युवाओं को परिचित कराया जाएगा एवं सक्रिय राजनीति में उनकी भूमिका को भी समझाया जाएगा। दो दिवसीय कार्यशाला भोपाल में तीन अलग-अलग स्थानों पर एवं कुल 9 सत्रों में होगी। 29 मार्च को तीन एवं 30 मार्च को छह सत्र होंगे, जिसमें केन्द्रीय मंत्री सहित अन्य अतिथि अलग-अलग सत्रों में संबोधित करेंगे। 


शुरूआत मप्र से क्यों? 

वैचारिक मजबूती की दृष्टि से मप्र भारतीय जनता पार्टी के संगठन को देशभर में आदर्श माना जाता है। जनसंघ से लेकर भाजपा तक मप्र में कई वैचारिक प्रयोग हुए, जो भी सफल रहे हैं। इसीलिए ‘आई एम बीजेपी फ्यूचर फोर्स’ अभियान की शुरूआत भी प्रायोगिक तौर पर मप्र से की गई है। भाजपा की देशभर में इस तरह के गैर राजनीतिक एवं पेशेवार एक लाख से अधिक युवाओं को पार्टी से जोडऩे की योजना है।