राजधानी

Image Alt Text

भोपाल में होगा ब्रिक्स देशों का संस्कृति सम्मेलन, 5 से 8 अगस्त तक आयोजित सम्मेलन में शामिल होंगे ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि और संस्कृति मंत्री

राजधानी

भोपाल। अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स सम्मेलन आगामी 5 अगस्त से 8 अगस्त तक भोपाल में आयोजित होगा, इसमें ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्री और प्रतिनिधि शामिल होंगे। ब्रिक्स देशों के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएगी।

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सोमवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर संचालक संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार श्रीमती प्रियंका चंद्र वी.सी के माध्यम से जुड़ीं। बैठक में कलेक्टर भोपाल प्रियंक मिश्रा, स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती अंजू अरूण कुमार, संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती इला तिवारी, पुरातत्व विभाग, संस्कृति विभाग, एमएचएआई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।  संभागायुक्त श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि सम्मेलन की सभी व्यवस्थाएं भारत की संस्कृति, गौरव एवं परम्परा के अनुरूप उत्कृष्ट हों। उन्होंने माइक्रो प्लानिंग पर जोर देते हुए केन्द्र एवं राज्य शासन के सभी अधिकारियों को पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इस तरह होगा तीन दिवसीय आयोजन 

 प्रस्तावित कार्यक्रम अनुसार ब्रिक्स संस्कृति सम्मेलन में 5 अगस्त को ब्रिक्स देशों की तकनीकी समितियों की कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में बैठक होगी। शाम को सदस्य इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय का भ्रमण करेंगे। 6 अगस्त को पुन: ब्रिक्स देशों की तकनीकी समितियों की बैठक मिंटो हॉल में होगी। शाम को रवीन्द्र भवन में ब्रिक्स संस्कृतिक समारोह में ब्रिक्स देशों के कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 7 अगस्त को ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्री भोपाल पहुंचेंगे और भोपाल में जनजातीय संग्रहालय, वन विहार एवं राज्य संग्रहालय का भ्रमण करेंगे। शाम 5 बजे से 7 बजे तक रवीन्द्र भवन में ब्रिक्स सांस्कृतिक समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। 8 अगस्त को प्रात: 10 बजे से 2 बजे तक ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों की कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में बैठक होगी। दोपहर बाद सभी सांची स्तूप देखने जाएंगे।