विशेष

Image Alt Text

अगस्त के बाद मप्र में नहीं होंगे एक भी प्रमोटी आईजी, 18 अधिकारियों को महानिरीक्षक बनने करना होगा चार महीने इंतजार

विशेष

भोपाल। मध्यप्रदेश के केवल दो संभागों में पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) पद पर प्रमोटी आईपीएस बचे हैं। ग्वालियर आईजी अरविंद सक्सेना इसी माह 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। जबकि नर्मदापुरम् आईजी मिथलेश शुक्ला अगले महीने 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इसके बाद मप्र में आईजी स्तर के एक भी प्रमोटी आईपीएस अधिकारी नहीं बचेंगे। हालांकि चार महीने बाद दिसम्बर 2026 में 18 प्रमोटी आईपीएस डीआईजी से आईजी पद पद पदोन्नत हो जाएंगे। ग्वालियर आईजी श्री सक्सेना और नर्मदापुरम आईजी श्री शुक्ला दोनों ही 1990 बैच के के अधिकारी हैं और 2006 में इन्हें आईपीएस संवर्ग मिला। इससे पहले महेन्द्र सिंह सिकरवार 31 दिसम्बर 2024 को रीवा आईजी के पद से, अनुराग शर्मा, सितम्बर 2025 में शहडोल जोन के आईजी पद से,संजय तिवारी, 30 जून 2026 को आईजी भोपाल ग्रामीण के पद से, हिमानी जैन 31 मार्च 2026 को सागर जोन की आईजी पद से, अंशुमन सिंह, 28 फरवरी 2026 को आईजी कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा, पुलिस मुख्यालय के पद से  सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अब आईजी स्तर के सिर्फ दो ही प्रमोटी आईपीएस अधिकारी शेष हैं, जो 31 अगस्त तक सेवानिवृत्त होने वाले हैं। 

दिसम्बर में होगी इन 18 डीआईजी की पदोन्नति

राज्य पुलिस सेवा से 2009 में आईपीएस संवर्ग में शामिल होने वाले डीआईजी स्तर के 18 अधिकारी हैं, जिन्हें इसी साल दिसम्बर तक शासन पदोन्नति देकर पुलिस महानिरीक्षक बना देगा। इनमें शशिकांत शुक्ला, संतोष सिंह गौर, मुकेश कुमर श्रीवास्तव, सुनील कुमार पाण्डे, ओमप्रकाश त्रिपाठी, श्रीमती मोनिका शुक्ला, मनोज कुमार सिंह, सुनील कुमार जैन, अवधेश गोस्वामी, मनोज कुमार श्रीवास्तव, साकेत प्रकाश पाण्डे, अमित सांघी, तुषार कुमार विद्यार्थी, सत्येन्द्र कुमार शुक्ला, वीरेन्द्र कुमार सिंह, प्रशांत खरे, अतुल सिंह, मनीष कुमार अग्रवाल के नाम शामिल हैं। खास बात यह है कि आयु और सेवा अवधि के मानकों के अनुसार लगभग आधा दर्जन से अधिक आईजी बनने के छह महीने में अर्थात जून 2027 तक सेवानिवृत्त हो जाएंगे। 

डायरेक्ट आईपीएस संभालेंगे संभागों की कमान  

सितम्बर से दिसम्बर महीने तक मध्यप्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों (जोन कार्यालयों) की कमान संघ लोक सेवा आयोग के माध्यम से सीधे चयनित भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी (आईपीएस) ही संभालेंगे। दिसम्बर में आईजी पद पर पदोन्नति के बाद भी प्रमोटी अधिकारियों को स्थानांतरण सूची का इंतजार करना होगा। इस बीच इनमें से भी कई अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके होंगे जबकि वर्ष 2028 तक इनमें से अधिकांश सेवानिवृत्त हो जाएंगे।   

इन प्रमोटी आईपीएस डीआईजी की पदोन्नति अगले साल 

2010 बैच के डीआईजी पद वाले 15 प्रमोटी आईपीएस को अगले वर्ष पदोन्नत कर आईजी बनाया जाएगा। इनमें पंकज श्रीवास्तव, राजेश कुमार सिंह, विनीत कपूर, धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया, हेमंत चौहान, विजय कुमार खत्री, विनीत कुमार जैन, मनोज कुमार सिंह, राकेश कुमार सिंह, राजेश सिंह चंदेल, शशीन्द्र चौहान, राकेश सागर, आरएस बेलवंशी, श्रीमती किरण लता केरकट्टा, मनोज कुमार राय। 

डीजीपी सहित ये आईपीएस भी होंगे सेवानिवृत्त 

स्पेशल डीजी और मप्र पुलिस हाऊसिंग कार्पोरेशन के चेयरमैन अजय कुमार शर्मा, स्पेशल डीजी अजाक, पीएचक्यू आशुतोष राय, एडीजी इंटेलिजेंस एवं सायबर सेल प्रभारी (अति. प्रभार) ए.साई मनोहर भी 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त होंगे। स्पेशल डीजी आरपीएफ कु. सोनाली मिश्रा इसी वर्ष 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगी। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना का एक साल बढ़ाया गया कार्यकाल भी 1 दिसम्बर 2026 को समाप्त हो रहा है।