राजनीति

Image Alt Text

प्रदेश नेतृत्व के बुलावे पर भोपाल पहुंचे नरोत्तम मिश्रा, बोले-दतिया में पार्टी ने जिसे टिकट दिया, उसे जिताऊंगा

राजनीति

भोपाल। दतिया उप चुनाव में टिकट से वंचित रहे पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा शनिवार शाम पार्टी नेतृत्व के बुलावे पर भोपाल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि दतिया उपचुनाव के लिए पार्टी ने आशुतोष तिवारी को टिकट दिया है, उनको जिताने के लिए काम करूंगा। पार्टी जो भी फैसला करती है, उसे मानना चाहिए, मैंने माना है। दतिया में कार्यकर्ताओं की नाराजगी क्षणिक आवेश है, धीरे-धीरे सब सामान्य हो जाएगा। 

टिकट कटने पर नाराजगी की खबरों पर श्री मिश्रा ने कहा कि उनकी किसी से कोई नाराजगी नहीं है। चुनाव में किसे टिकट देना है और किसे नहीं, यह पार्टी और कार्य समिति का निर्णय होता है। संगठन को जो उचित लगा, उस व्यक्ति को टिकट दिया गया है। मिश्रा ने कहा कि वे हमेशा संगठन के आदेशों का पालन करेंगे। पार्टी आगे जो भी जिम्मेदारी देगी, वे उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। श्री मिश्रा ने कहा, ‘संगठन ने बुलाया है, इसलिए आया हूँू। मैं सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलूंगा,लेकिन, अभी काफी थका हुआ हूं, इसलिए पहले घर जाकर आराम करूंगा, उसके बाद मुलाकातों का दौर शुरू होगा। 

अब टिकट मिलने की कोई उम्मीद नहीं 

भोपाल में संगठन पदाधिकारियों से भेंट के बाद टिकट मिलने की उम्मीद के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब टिकट मिलने की कोई उम्मीद नहीं है और उम्मीद लगानी भी नहीं चाहिए। उन्होंने बताया कि पार्टी के किसी भी वरिष्ठ नेता ने अब तक उनसे बात नहीं की। उनका मोबाइल भी बंद था और भोपाल पहुंचने के बाद अब खोला है। जो बात करेगा, उससे बात करूंगा। 

समर्थकों के विरोध का तरीका गलत 

दतिया उपचुनाव के लिए डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद उनके समर्थक भारी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सडक़ पर चक्काजाम और पुलिस-प्रशासन से टकराव के बीच पथराव जैसी घटना पर दुख जताते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि विरोध का यह तरीका ठीक नहीं है। जो कार्यकर्ता आक्रोशित हैं, उन्हें मनाने की कोशिश की जाएगी, मैं उनसे बात करूंगा। कांग्रेस के जीत के दावों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस भाजपा की कार्यप्रणाली को समझ पाती, तो आज उसकी यह दुर्दशा नहीं होती।