राजनीति

Image Alt Text

आपराधिक जांच से बचने झूठा नैरेटिव गढ़ रही कांग्रेस, जीतू पटवारी के बयान पर बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

राजनीति

भोपाल। नशे की तस्करी से जुड़े दो आरोपियों के बयानों के आधार पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई से पूछताछ के बाद जीतू पटवारी द्वारा लगाए गए आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। 

उन्होंने कहा कि आपराधिक जांच से बचने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध का झूठा नैरेटिव गढऩा कांग्रेस की पुरानी राजनीति रही है। सहानुभूति प्राप्त करने के लिए कानून और जांच एजेंसियों को कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस और उसके नेताओं की आदत बन चुकी है। खंडेलवाल ने कहा कि जीतू पटवारी का बयान तथ्यों से परे, भ्रामक तथा राजनीतिक लाभ लेने का एक असफल प्रयास है। कांग्रेस को गंभीर आपराधिक मामलों में जांच के दायरे में आए लोगों का बचाव करने के बजाय कानून का सम्मान करना चाहिए। जिस व्यक्ति के समर्थन में कांग्रेस खड़ी है, उसके विरुद्ध पूर्व से ही कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। भाजपा सरकार में कानून सबके लिए समान है और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह भ्रम त्याग दे कि राजनीतिक पद या पारिवारिक संबंध कानून से ऊपर हैं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। अपराधी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। खंडेलवाल ने कहा कि किसी व्यक्ति के विरुद्ध पूर्व से अनेक आपराधिक प्रकरण दर्ज हो तो पुलिस की वैधानिक कार्रवाई को राजनीतिक रंग देकर उसे बचाने का प्रयास अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस और जीतू पटवारी को स्पष्ट करना चाहिए कि वे कानून के साथ हैं या कानून के शिकंजे में आए लोगों के साथ खड़े हैं।