राजनीति

Image Alt Text

डॉ. मुखर्जी के विचारों से साकार हो रहा एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संकल्प, बलिदान दिवस पर डॉ. मुखर्जी को अर्पित की पुष्पांजलि, मुख्यमंत्री हुए शामिल

राजनीति

भोपाल। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय के सामने स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा एवं प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य नेताओं-कार्यकर्ताओं ने उनकीप्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और बलिदान से एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संकल्प साकार हो रहा है। देश के विभाजन के दौर में जब पश्चिम बंगाल के बड़े हिस्से को पाकिस्तान में शामिल करने के प्रयास हो रहे थे, तब उन्होंने दृढ़ता के साथ उसका विरोध किया। प्रदेश में यूसीसी लागू करने के लिए व्यापक जनसंवाद और हर वर्ग की राय को महत्व दिया जा रहा है। अभी तक बड़ी संख्या में लोगों ने सुझाव दिया है। 

डॉ. मुखर्जी का बलिदान हमारे लिए प्रेरणास्रोत 

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विचारधारा, राष्ट्र के प्रति उनकी दूरदृष्टि और देश की एकता एवं अखंडता के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने ही भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी, वही जनसंघ आज विश्व के सबसे बड़े  व सर्वव्यापी राजनैतिक दल भाजपा के रूप में हम सबके सामने है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मौलिक चिंतक, राष्ट्रवादी विचारक, भारतीय जीवन मूल्यों के संस्कारित पुजारी थे। इसी तरह प्रदेश भर में बूथों पर डॉ. मुखर्जी को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किये गए।

मप्र में जल्द लागू होगा समान नागरिक संहिता 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार भी डॉ. मुखर्जी के एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता जैसे महत्वपूर्ण विषय पर प्रदेश में व्यापक जनसंवाद किया गया है। प्रदेश के 55 जिलों और सभी तहसीलों में विभिन्न वर्गों, समुदायों और सामाजिक संगठनों से सुझाव प्राप्त किए गए हैं और बड़ी संख्या में लोगों के सुझाव आए हैं। विधानसभा के मानसून सत्र में समान नागरिक संहिता के विधेयक को पारित करवाने का प्रयास किया जा रहा है।