राजनीति

Image Alt Text

चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने का विरोध

राजनीति

भोपाल। राज्यसभा चुनाव में अपराधिक प्रकरण की जानकारी छुपाने पर निर्वाचन आयोग द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने पर कांग्रेस प्रदेशभर में आयोग के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन करेगी। 15 जून को युवा कांग्रेस, 16 जून को भाराछासं और 17 जून को महिला कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी।

प्रदेश कांग्रेस संगठन ने जारी किए निर्देश

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री डॉ. संजय कामले द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि राज्यसभा चुनाव में हुई कथित बेईमानी और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई से पूरे देश में संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर प्रश्नचिन्ह लगा है। पत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशों का उल्लेख करते हुए मोर्चा संगठनों को जिला स्तर पर भाजपा कार्यालयों का घेराव और पुतला दहन करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार 15 जून को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर युवा कांग्रेस चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जाएगा तथा जिला कलेक्टरों के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसी प्रकार 16 जून को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन और 17 जून को प्रदेश महिला कांग्रेस को प्रदर्शन के निर्देश दिए गए हैं। 

युकां जिला मुख्यालयों पर करेगी प्रदर्शन

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के नेतृत्व में सभी जिला इकाइयों को आंदोलन करेगी। युकां कार्यकर्ता  15 जून को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करेंगे और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।