मध्यप्रदेश

Image Alt Text

पांच दिन मप्र में रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, बैतूल, खंडवा, जबलपुर और श्योपुर के कार्यक्रमों में होंगी शामिल

मध्यप्रदेश

भोपाल। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 जून से 22 जून तक मध्यप्रदेश के प्रवास पर रहेंगी। इन पांच दिनों में वे बैतूल, खंडवा, जबलपुर और श्योपुर का प्रवास करेंगी और स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर स्थानीय लोगों से भेंट भी करेंगी। 

राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास को लेकर चारों जिलों में प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, सभी कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी राष्ट्रपति के साथ शामिल होंगे।


बैतूल में आदिवासी महासम्मेलन में होंगी शामिल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 जून को बैतूल जिले के प्रवास पर आएंगी। यहां लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित ‘आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण’ विषयक विशाल आदिवासी महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, हेलीपैड निर्माण, कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था और प्रोटोकॉल संबंधी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिले में लगभग एक हजार पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए जाएंगे। 

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए निर्देश

राष्ट्रपति के प्रवास को लेकर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान प्रोटोकॉल का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाए। हेलीपैड, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, फोटोग्राफी और आवागमन सहित सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।