Breaking News:

• बिना पेट्रोल के पैदल दौड़ी मंत्री जी की कार!............नेता का भाई पड़ा भारी, जल्द टीएसआई की विदायी • महेश सहित भाजपा के तीनों प्रत्याशी विजयी घोषित,रिटर्निंग अधिकारी ने सौपे निर्विरोध जीत के प्रमाण पत्र, मीनाक्षी की याचिका पर सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई आज • भाजपा में जीत का उत्सव, आयोग को कोश रहे कांग्रेसी, प्रदेश अध्यक्ष से मिले तीनों नव-निर्वाचित राज्यसभा प्रत्याशी, मिठाई खिलाकर दी बधाई • एसबीआई ऋण मुख्यालय के पूर्व एजीएम की 300 करोड़ की संपत्तियां जब्त, सीए और हवाला संचालकों से सांठगांठ कर काली कमाई को वैध करने का प्रयास, कागजी कंपनी भी बनाई • मंत्री करण सिंह वर्मा ने सुनी पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं
राजनीति

Image Alt Text

भाजपा में जीत का उत्सव, आयोग को कोश रहे कांग्रेसी, प्रदेश अध्यक्ष से मिले तीनों नव-निर्वाचित राज्यसभा प्रत्याशी, मिठाई खिलाकर दी बधाई

राजनीति

भोपाल। मध्यप्रदेश की तीनों राज्यसभा सीटों पर भाजपा के तीनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह और पार्टी कार्यालय में उत्सवी माहौल नजर आया। वहीं प्रदेश कांग्रेस कार्यालय गुरूवार को पूरे दिन सुनसान नजर आया। कार्यालय में न तो नेता ही नजर आए और न ही कार्यकर्ता ही पहुंचे। महेश केवट को निर्वाचन आयोग द्वारा जीत का प्रमाण पत्र दिए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा और निर्वाचन आयोग को खूब कोसा। 

उधर तीनों राज्यसभा सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन और विधानसभा से प्रमाण पत्र लेने के बाद भाजपा के तीनों ही राज्यसभा प्रत्याशी तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट ने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से भेंट की। श्री खण्डेलवाल ने नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों का मुंह मीठा कराकर बधाई दी। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री राकेश शुक्ला, तीर्थ स्थान एवं मेला प्रधिकरण के अध्यक्ष विनोट गोटिया, वेयर हाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। 

महेश के निर्वाचन पर क्या बोले कांग्रेस नेता 

जीत का प्रमाण पत्र देना लोकतंत्र से धोखा:कमलनाथ 

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘ मप्र में भाजपा के तीनों राज्यसभा प्रत्याशियों को निर्वाचित होने का प्रमाणपत्र देना प्रदेश की जनता और लोकतंत्र के साथ धोखा है। जब कांग्रेस पार्टी की शिकायत पर निर्वाचन आयोग ने अभी तक फैसला नहीं सुनाया और सर्वोच्च न्यायालय में कल सुनवाई होनी है तब इस तरह की जल्दबाजी आंखों में धूल झोंकने की कोशिश है। कांग्रेस पार्टी नायायिक और राजनैतिक दोनों स्तर पर इस अन्याय का विरोध करेगी।

जिसकी हमें आशंका थी, वही हुआ: दिग्विजय 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा, साथियों, जिसकी हमें आशंका थी वही हुआ। मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र अवैधानिक रूप से निरस्त कर दिया गया। निर्वाचन आयोग के सामने पूरा पक्ष रखा गया। जब उनके खिलाफ कोई प्रकरण दर्ज नहीं है, एफआईआर में नाम भी नहीं है। ऐसे रिटर्निंग अफसर को बर्खास्त करने की जरूरत है। निर्वाचन आयोग ने कोई फैसला नहीं लिया। सर्वोच्च न्यायालय से मांग की गई कि आज फैसला दें, लेकिन नहीं हुआ। चार बजे निर्वाचन की घोषणा भी हो गई। हम इस चोरी का घोर विरोध करते हैं और इसे पूरे देश में उजागर करेंगे। हम ये लड़ाई आखिरी दम तक लड़ेंगे और मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा भेजकर रहेंगे।

निर्वाचन आयोग का रवैया पक्षपातपूर्ण : सिंघार 

मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मप्र राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी बहन मीनाक्षी नटराजन के नामांकन से जुड़े गंभीर मामले पर चुनाव आयोग का रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और पक्षपातपूर्ण है। जब चुनाव आयोग के पास हस्तक्षेप करने और निर्णय लेने के विशेष अधिकार हैं, तो फिर कांग्रेस की आपत्ति पर समय रहते फैसला क्यों नहीं लिया गया? आखिर भाजपा के मामलों में सक्रियता और कांग्रेस के मामले में चुप्पी क्यों? हमने न्याय की उम्मीद में सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। उम्मीद है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय इस मामले में ऐसी नज़ीर स्थापित करेगा, जो लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया की गरिमा की रक्षा करे।

कल विस्तार से रखेंगे पक्ष, इसके बाद अगली रणनीति : पटवारी 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और जनता के मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी अपने संघर्ष के अगले चरण में प्रवेश कर रही है। उन्होंने बताया कि कल मध्य प्रदेश कांग्रेस के सभी विधायक दिल्ली पहुंचेंगे। राष्ट्रपति महोदय से मुलाकात के लिए समय मांगा गया है। कल कांग्रेस पार्टी मीडिया के समक्ष पूरे घटनाक्रम और अपने पक्ष को विस्तार से रखेगी, जिसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।