राजनीति

Image Alt Text

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में नहीं पहुंचे कमलनाथ, जयवर्धन सहित चार विधायक, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बोले-मीनाक्षी के समर्थन में एकजुट कांग्रेस

राजनीति

भोपाल। कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में कांग्रेस विधायक दल की बैठक शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई। बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन, कमलेश्वर पटेल, कांग्रेस के सभी विधायक, पार्टी पदाधिकारी, सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक योगेंद्र सिंह बाबा और विधायक वीर सिंह भूरिय नहीं पहुंचे। हालांकि कांग्रेस ने कहा कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह वर्चुअली जुड़े। जयवर्धन सिंह चेन्नई से लौट रहे हैं और योगेंद्र सिंह बाबा का एक्सीडेंट होने के कारण वे नहीं आ सके।

तीसरा प्रत्याशी उतारा तब भी बहुमत से जीतेगी कांग्रेस

बैठक के बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और जीतू पटवारी ने पत्रकारवार्ता में बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक पूरी तरह शांतिपूर्ण, सकारात्मक और एकजुट वातावरण में हुई। सिंघार ने कहा कि राज्यसभा के लिए अधिकृत प्रत्याशी के रूप में चुनी गईं सुश्री मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में पार्टी के सभी विधायक एकजुट हैं। कांग्रेस के सभी विधायक पूरी मजबूती के साथ पार्टी के साथ खड़े हैं। यदि भारतीय जनता पार्टी तीसरा उम्मीदवार भी मैदान में उतारती है, तब भी कांग्रेस पार्टी पूरे बहुमत के साथ चुनाव जीतेगी।जीतू पटवारी ने कहा कि जनता वैकल्पिक राजनीति, संवैधानिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस की प्रतिबद्धता को समझ रही है।

व्यक्तिगत नहीं, विचारधारा का चुनाव:मीनाक्षी

कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल उनका व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के संकल्प का चुनाव है। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें जनसेवा के अनेक अवसर प्रदान किए। पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी।