राजधानी

Image Alt Text

पेड़ों की कटाई के विरोध में किया प्रदर्शन

राजधानी

भोपाल। राजधानी भोपाल के अयोध्या नगर मुख्य मार्ग पर पेड़ों की कटाई के विरोध में पर्यावरण प्रेमियों ने गुरूवार को सरकार और नगर निगम के खिलाफ आक्रोश प्रदर्शन किया। 

गुरूवार को पर्यावरण को बचाने के लिए एकजुट हुए लोगों ने ‘वृक्ष हत्या बंद करो’, ‘हरियाली बचाओ-भोपाल बचाओ’ जैसे नारों के साथ सरकार एवं नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहना था कि विकास के नाम पर पर्यावरण की निर्मम हत्या की जा रही है। अयोध्या नगर मुख्य मार्ग पर जो हजारों पेड़ काटे गए हैं, वे सिर्फ लकड़ी नहीं थे, वे हमारे शहर के फेफड़े थे। प्रदेश सरकार और नगर निगम के निर्देश पर इन पेड़ों की हत्या की गई है। सभी प्रदर्शनकारियों ने कटे हुए वृक्षों को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखा। पर्यावरण प्रेमियों ने मांग की कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई तुरंत रोकी जाए।  काटे गए प्रत्येक पेड़ के बदले 10 नए पौधे लगाए जाएं और उनकी देखभाल सुनिश्चित की जाए। दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।  प्रदर्शन में पर्यावरण प्रेमी उमा शंकर तिवारी, कांग्रेस नेता प्रदीप मोनू सक्सेना, दीपक गुप्ता, अभिनव यादव, एकजोट सिंह, मुकेश सिंह सहित अन्य पर्यावरण प्रेमी, समाजसेवी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।