राजधानी

Image Alt Text

अपेक्स के प्रशासक यादव ने किया बैंक की बैरसिया शाखा का भ्रमण

राजधानी

भोपाल। मप्र राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स) भोपाल के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने गुरूवार को भोपाल को-ऑपरेटिव सेंट्रल बैंक लिमिटेड की बैरसिया शाखा का भ्रमण किया। उन्होंने सहकारिता के विस्तार, ऊर्जा संरक्षण, सदस्यता महाअभियान एवं हरित सहकार अभियान की प्रगति की विस्तृत  समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्री यादव ने वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट के परिप्रेक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित में किए गए ‘ईंधन बचाओ-ऊर्जा बचाओ’ के आह्वान को दोहराते हुए सहकारिता एवं कृषि क्षेत्र से संबद्ध सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से ऊर्जा संरक्षण के पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग करने के निर्देश दिए। श्री यादव ने ‘हरित सहकार अभियान’ के माध्यम से पर्यावरण संवर्धन एवं ग्रामीण विकास को नवीन दिशा प्रदान करने की बात कही। साथ ही ‘कृषक कल्याण वर्ष 2026’ के संकल्प की  दिशा में 14 अप्रैल से 30 जून 2026 तक संचालित किए जा रहे सदस्यता महाअभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि  अभियान में  प्रदेश के अधिक से अधिक किसानों को सहकारी समितियों से जोडऩे का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, जिससे  कृषक वर्ग को सहकारिता का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।

ई-विकास प्रणाली एवं किसानों से संवाद

श्री यादव ने किसानों को सुगम एवं पारदर्शी सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत ई-टोकन के माध्यम से सुचारू खाद वितरण व्यवस्था तथा अन्य समसामयिक विषयों पर किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बी-पैक्स संस्थाओं की आगामी वार्षिक आमसभा में चयनित सदस्य किसानों को सम्मानित करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर भोपाल को-ऑपरेटिव सेंट्रल बैंक लिमिटेड के सीईओ गीतेश लिल्होरे, विपणन अधिकारी निमेष शाही एवं बैरसिया शाखा के प्रबंधक समीउल्लाह कुरैशी उपस्थित रहे।