मध्यप्रदेश

Image Alt Text

अवैध उत्खनन: विधायक संजय पाठक के परिजनों से होगी ४४३ करोड़ की वसूली

मध्यप्रदेश

-सरकार ने विधानसभा में बताया खनन कंपनियों ने किया अवैध खनन

भोपाल। विधायक संजय पाठक के परिजनों से जुड़े ३ खनन कंपनियों पर सरकार बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। तीन कंपनियों पर अवैध उत्खनन के चलते ४४३ करोड़ की कर चोरी और जीएसटी की वसूली की जाएगी। कंपनियों पर स्वीकृति से अधिक खनन करने और १००० करोड़ रुपए शासन को जमा नहीं करने के आरोप हैं। इस मामले की जांच ईओडब्ल्यू में भी चल रही है। प्रश्नकाल में विधायक अभिजीत शाह के सवाल के जवाब में खनिज विभाग के भारसाधक मंत्री चेतन्य काश्यप ने यह जानकारी दी।

विधायक ने पूछा कि जबलपुर के सिहारी तहसील में मेसर्स आनंद माइनिंग कार्पोरेशन, मेसर्स निर्मला मिनरल्र्स और पैसिफिक एक्सपोर्ट द्वारा स्वीकृत मात्रा से अत्यधिक उत्पादन करने के बावजूद भी शासन को १००० करोड़ रुपए की राशि जमा नहीं की गई।इस मामले में सरकार ने ईओडब्ल्यू में दर्ज शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई है। जवाब में मंत्री ने बताया कि ईओडब्ल्यू में प्रस्तुत शिकायत के संबंध में मप्र खनिज विभाग ने दल गठित कर जांच कराई। जांच में ४ अरब ४३ करोड़ ८६ हजार ८९० रुपए एवं जीएसटी की राशि वसूली का प्रतिवेदन है। जिस पर कार्रवाई जारी है।