विशेष

Image Alt Text

वीरपुर की सुनसान गली में रातभर धधकती है भट्टी,मासूमों का पोषण आहार: मोहल्लेवाले भी नहीं जानते कौन हैं ये अनजान लोग जो बंद मकान में हर दिन पकाते हैं रसोई

विशेष

भोपाल/ग्वालियर। ग्वालियर शहर की एक सैकड़ा से अधिक आंगनबाडिय़ों के बच्चों के लिए वीरपुर बांध क्षेत्र में भी एक रसोई पकती है। दर्जनभर महिला स्व-सहायता समूहों के भोजन की जिम्मेदारी जिस ठेकेदार पर है, वह बस्ती की एक छोटी सी
गली के अंतिम छोर पर सुनसान मकान में प्रतिदिन रातभर में भोजन तैयार करता है और सुबह आधा दर्जन ऑटो-रिक्शा से इसे आंगनबाडिय़ों तक पहुंचाता है।महिला स्व-सहायता समूहों की आड़ और महिला एवं बाल विकास विभाग के
अधिकारियों की सांठगांठ से आंगनबाडिय़ों में बच्चों के लिए शासन द्वारा तय दैनिक भोजन सूची के विपरीत गुणवत्तीहीन और बहुत कम मात्रा में भोजन पहुंचा रहे अवैध ठेकेदारों के खिलाफ हमारा यह अभियान जारी है।
इसी क्रम में विगल दिवस हमारी’ टीम वीरपुर बांध (गिरवाई) बस्ती में पहुंची। जिस मकान में ठेकेदार भोजन तैयार करता है, वहां से भोजन लेकर ऑटो रवाना हो चुके थे और ठेकेदार के कर्मचारी शटर का ताला लगाकर रवाना हो चुके थे।
शाम को कारीगर आते है, सुबह ऑटो वाले
ठेकेदार की किचिन से सटे और सामने वाला पड़ोसी भी यह नहीं बता सका कि यहां भोजन कौन और किसके लिए बनवाता है। पड़ोसी यह भी नहीं बता सके कि जिस मकान में अवैध रसोई चल रही है, उसका नाम और पता क्या है? सिर्फ इतना ही बताया कि किसी मुस्लिम का मकान है। पड़ोसियों ने बताया कि शाम को यहां हलवाई आता है, रात 8 बजे से भट्टी चालू होती है और सुबह खाना बनाकर चला जाता है। सुबह करीब आधा दर्जन ऑटो आती हैं, जिनमें रखकर भोजन रवाना किया जाता है।

प्लास्टिक के ड्रमों में रखा जा रहा गर्म भोजन
वीरपुर क्षेत्र में आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए भोजन एल्यूमिनियम के बर्तनों में बनाया जाता है। लेकिन आधी रात में तैयार होने के बाद इस गर्म दलिया, खिचड़ी और सब्जी को सुबह सप्लाई तक प्लास्टिक के गंदे ड्रमों में भर दिया जाता है। प्लास्टिक के बर्तनों में गर्म भोजन रखने से कितने ही खतरनाक रसायन मिलते होंगे, जो मासूमों को गंभीर बीमारियां दे सकते हैं। लेकिन ठेकेदारों से प्रभावित विभाग के अधिकारियों के पास न निरीक्षण का समय है और न ही इच्छा शक्ति।  

15 किमी दूर की आंगनबाडिय़ों में पहुंचता है भोजन
वीरपुर बांध क्षेत्र में रातभर तैयार हुआ भोजन ठेकेदार सुबह 15 किमी दूर उप नगर ग्वालियर में किलागेट, कांचमील, गोला का मंदिर आदि क्षेत्रों की बस्तियों में पहुंचाता है। सूत्रों के अनुसार दर्जनभर समूहों की जिम्मेदारी संभाले इस ठेकेदार की भोजन सप्लाई परियोजना शहरी क्रमांक 1 व 2 की आंगनबाडिय़ों पर है। रातभर बना बासा भोजन और खराब गुणवत्ता बच्चों को कितना पोषित करेगी, अनुमान लगाया जा सकता है। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती उपासना राय गड़बडिय़ों पर मौन हैं। सहायक संचालक राहुल पाठक डीपीओ को जिम्मेदार बताकर पल्ला झाड़ते नजर आते हैं। सवाल उठता है कि अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से क्या मासूमों का पोषण लूटा जाता रहेगा? क्या कुपोषण के खिलाफ शासन की योजनाएं इसी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती रहेंगी?
खुले में पड़े हैं टीएचआर के दलिया पैकेट
आंगनबाडिय़ों पर नाश्ता और भोजन के अलावा बच्चों, धात्री और गर्भवती महिलाओं को दिया जाने वाला पूरक पोषण आहार (टीएचआर) सप्लाई का काम भी सरकार ने फिलहाल इन्हीं स्व-सहायता समूहों को दे रखा है, जिन्हें ठेकेदार चला रहे हैं। वीरपुर बांध स्थित ठेकेदार की रसोई के पिछले हिस्से में इस पूरक पोषण आहार के सैकड़ों पैकेट खुले में पड़े हैं, जहां जहां कीड़े-मकोड़े, चूहे-छिपकली घूमते देखे जा सकते हैं।