Breaking News:
मध्यप्रदेश
पंखों पर मध्यप्रदेश, एक दिन में प्रदेश के चार शहरों से अंतरराज्यीय उड़ानों का शुभारंभ
मध्यप्रदेश
भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता की सीधी हवाई सेवा शुरू
भोपाल। मध्यप्रदेश में हवाई यात्रा के विस्तार को रविवार को नई उड़ान मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजा भोज एयरपोर्ट से भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता की सीधी हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया। इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई यात्रा अब केवल सुविधा या लग्जरी नहीं रही, बल्कि पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के लिए जरूरी कड़ी बन गई है।
विंध्य को राजधानी से मिला सीधा हवाई रास्ता
भोपाल-रीवा उड़ान शुरू होने से विंध्य क्षेत्र सीधे राजधानी से जुड़ गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा का लंबे समय से इंतजार था और पूर्व में भी इसे शुरू करने के प्रयास किए गए थे। अब नियमित उड़ान शुरू होने से विंध्य के कारोबार, पर्यटन और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है।
छोटे शहरों तक पहुंच रहा विमानन नेटवर्क: नायडू
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के विमानन क्षेत्र का तेजी से विस्तार हुआ है। उड़ान योजना के माध्यम से छोटे शहरों को हवाई नेटवर्क से जोडऩे पर जोर दिया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत करीब 90 हवाई अड्डे विकसित किए गए हैं। छोटे शहरों में हवाई सेवाएं शुरू होने से पर्यटन, व्यापार, रोजगार और निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं।
रीवा-भोपाल सफर 2700 रुपए से शुरू
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि रीवा-भोपाल हवाई यात्रा का किराया करीब 2700 रुपए से शुरू होगा। यात्रियों के हित में इसे अधिकतम 3500 रुपए तक सीमित किया गया है। वहीं रीवा-कोलकाता का किराया करीब 3700 रुपए से शुरू होकर लगभग 5000 रुपए तक रहेगा। उन्होंने कहा कि किफायती किराए से आम लोगों के लिए हवाई यात्रा आसान होगी।
2036 तक जारी रहेगा संशोधित उड़ान कार्यक्रम
विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने कहा कि छोटे और दूरदराज के क्षेत्रों को हवाई सेवा से जोडऩा सरकार की प्राथमिकता है। संशोधित उड़ान योजना अगले 10 वर्षों तक जारी रहेगी। मध्यप्रदेश में नए शहरों की पहचान कर उन्हें हवाई नेटवर्क से जोडऩे की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रहे हैं।
पांच नए एयरपोर्ट को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि दतिया, सतना और रीवा में हवाई सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी के लिए मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने प्रदेश में पांच नए एयरपोर्ट की मंजूरी मिलने की जानकारी भी दी। आने वाले समय में कई और शहरों को हवाई नेटवर्क से जोडऩे की तैयारी है।
भोपाल से शारजाह उड़ान की भी तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि इंदौर से अबूधाबी के लिए उड़ान शुरू हो चुकी है। भोपाल से भी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की तैयारी है। करीब दो महीने बाद भोपाल से शारजाह की सीधी उड़ान शुरू होने की उम्मीद जताई गई है। इससे अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।
गंभीर मरीजों के लिए हवाई चिकित्सा सुविधा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में एयर एंबुलेंस व्यवस्था का भी उल्लेख किया। आयुष्मान कार्ड के आधार पर पात्र गंभीर मरीजों को एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। हवाई पट्टी वाले क्षेत्रों में विमान और अन्य स्थानों पर हेलीकॉप्टर के जरिए मरीजों को अस्पताल पहुंचाया जा सकता है।
अन्य खबर
ट्रेंडिंग खबरें
राजधानी
अंशुमन यादव बने एडीजी इंटेलीजेंस, चंचल शेखर डायरेक्टर खेल विभाग, मप्र में बदलीं वरिष्ठ आईपीएस...
29-08-26
मध्यप्रदेश
ठेकेदार गटक रहे मासूमों का पोषण आहार, ग्वालियर में मासूमों को गर्म भोजन और महिला...
29-08-26
अपराध
बजरंग दल नेता के भाई की गोली मारकर हत्या, ठेले पर मोमोज खाने के दौरान...
27-08-26
मध्यप्रदेश
भोपाल में दो नए होम्योपैथी कॉलेजों की मंजूरी, देशभर में 8 नए होम्योपैथ कॉलेजों की...
19-08-26
राजधानी
सुचिस्मिता सक्सेना गृह विभाग में उप सचिव, मनीषा सेंतिया को पर्यटन भेजा, भारतीय प्रशासनिक सेवा...
19-08-26