मध्यप्रदेश

Image Alt Text

मध्यप्रदेश में जल्द बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी, बदले जाएंगे कई जिलों के कलेक्टर, मंत्रालय में अभी और भी बदलेंगे दायित्व

मध्यप्रदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश के नए मुख्य सचिव के रूप में अशोक वर्णवाल की पदस्थापना के साथ ही मंत्रालय से हुए बड़े फेरबदल के बाद राज्य में एक बार फिर से बड़े फेरबदल की तैयारी है। कई जिलों के कलेक्टर बदले जाएंगे। वहीं मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्व और विभाग भी बदले जाएंगेे। 

उल्लेखनीय हैकि शुक्रवार देर रात मप्र शासन, सामान्य प्रशासन विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 20 अधिकारियों की स्थानांतरण सूची जारी की। इस सूची में अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के दो तथा सचिव स्तर के तीन अधिकारियों के भी दायित्व बदले गए हैं। सूची में छह जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। सुश्री मिशा सिंह को रतलाम से हटाकर शहडोल कलेक्टर बनाया गया है। वहीं सुश्री अदिति गर्ग के स्थान पर दिव्यांक सिंह मंदसौर कलेक्टर, अजय कटेसरिया रतलाम, रत्नाकर झा, अनूपपुर,  गुरूप्रसाद खरगोन और डॉ. शेर सिंह मीना आगर मालवा के कलेक्टर बनाए गए हैं। एसीएस स्तर पर भी केसी गुप्ता और सचिन सिन्हा की जिम्मेदारी बदली गई है। सचिन सिन्हा पीएचई विभाग के अपर मुख्य सचिव होंगे, उनके स्थान पर राजेश राजौरा प्रशासन अकादमी के महानिदेशक बनाए गए हैं। राघवेन्द्र सिंह को उद्योग और एमएसएमई से हटाकर प्रमुख सचिव वन एवं आनंद विभाग भेजा गया है। संदीप यादव वन विभाग के स्थान पर जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव होंगे। जॉन किंग्सली ए.आर. औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा एमएसएमई के सचिव होंगे। सुदाम खाड़े आयुक्त इंदौर संभाग से हटाकर मुख्यमंत्री के सचिव बनाए गए हैं। उनके स्थान पर भास्कर लाक्षाकार इंदौर के नए संभागायुक्त होंगे। 

कुमार पुरुषोत्तम को मंडी बोर्ड के साथ अपर सचिव मुख्यमंत्री की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। शहडोल कलेक्टर से हटाकर केदार सिंह को लोक निर्माण विभाग का अपर सचिव बनाया गया हे। अनूपपुर कलेक्टर पद से हटे हर्षित पंचोरी अब एप्को के कार्यपालन संचालक होंगे। मंदसौर कलेक्टर पद से हटीं अदिति गर्ग एसएसडी-सह आयुक्त सह संचालक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, आगर मालवा कलेक्टर पद से हटीं प्रीति यादव मप्र औद्योगिक विकास निगम की कार्यकारी संचालक होंगी। मप्र औद्योगिक विकास निगम, इंदौर के कार्यकारी संचालक हिमांशु प्रजापति जिला पंचायत इंदौर के सीईओ और सिद्धर्थ जैन मुख्य सचिव कार्यालय में उप सचिव बनाए गए हैं। नीरज मंडलोई, मनीष सिंह, ई.रमेश कुमार को स्थानांतरण से रिक्त हुए विभागों की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।