राजनीति

Image Alt Text

राज्यसभा प्रकरण में कांग्रेसी नेता दोषी नहीं: मीनाक्षी

राजनीति

भोपाल। राज्यसभा चुनाव हेतु भरा गया नामांकन निरस्त होने के लिए कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन ने कांग्रेस नेताओं को क्लीनचिट दी है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारवार्ता में उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को बचाने के लिए सुनियोजित तरीके से यह कहानी गढ़ी गई कि पार्टी की लापरवाही से नामांकन खारिज हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तय समय सीमा के भीतर उच्च न्यायालय में चुनाव याचिका दायर करेगी और पूरे मामले को कानूनी रूप से चुनौती देगी। सुश्री नटराजन ने कहा कि जिस आधार पर उनका नामांकन निरस्त किया गया, वह कानूनी रूप से टिकता ही नहीं है। रिटर्निंग ऑफिसर ने कहा कि उनके खिलाफ लंबित मामले की जानकारी नहीं दी गई, जबकि नामांकन फॉर्म-26 में ऐसी जानकारी भरने का कोई कॉलम ही नहीं है। बाद में हैदराबाद की अदालत ने भी स्पष्ट कर दिया कि उस मामले में अदालत ने संज्ञान ही नहीं लिया था। ऐसे में नामांकन निरस्त करने का पूरा आधार ही गलत साबित होता है।

उन्होंने कहा कि यह कहना पूरी तरह गलत है कि कांग्रेस नेताओं या उनके वकीलों की लापरवाही से नामांकन खारिज हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 45 दिन के भीतर उच्च न्यायालय में चुनाव याचिका दायर करेगी। पार्टी का विधि विभाग वरिष्ठ वकीलों की निगरानी में पूरी तैयारी कर रहा है।