Gossip गुगली

Image Alt Text

वसूलीखोर भांजे के संरक्षक नेताजी ‘घर के रहे न घाट के’.....फर्जीवाड़ा कर झूठी वाहवाही लूट गईं कलेक्टर मैडम......,अवैध वसूली का वर्चस्व, टू स्टार ने नेता के छुटकू को दी पटखनी

Gossip गुगली


वसूलीखोर भांजे के संरक्षक नेताजी ‘घर के रहे न घाट के’

आठ महीना पहले अवैध वसूली के ठिकाने पर हुए विवाद के बाद परिवहन विभाग के टू स्टार को राजनीतिक संरक्षण देकर बचाने वाले कमलदल के संगठन के पुराने नेता इन दिनों संकट में है। संगठन के एक संभाग की कमान संभाल चुके इन नेताजी द्वारा वसूलीखोर भांनजेे को संरक्षण देने और पर्सनल करतूतों की खबर ऊपर तक पहुंच गई थी। इसलिए तो छह महीना पहले पार्टी में एडजस्टमेट के दौरान नेताजी को अधर में अटका दिया गया था। प्रदेश स्तर का दायित्व तो सौंपा, लेकिन उन्हीं के बराबरी के औहदे वाले दूसरे साथी के हिस्से बचा-खुचा और बेगारी वाला। सो नाराज नेताजी ने खुद को अपमानित महसूस किया और इस पद को अस्वीकार कर दिया। सोचा था कि आगे निगम-मंडल में कुछ व्यवस्था हो जाएगी। लेकिन संगठन ने अब इन नेताजी को पूरी तरह अनदेखा- अनसुना कर दिया है। दल के दरबारी कह रहे हैं कि जिम्मेदारी छोटी ही सही, लेकिन संगठन का आदेश न मानकर नेताजी अब ‘न घर के रहे न घाट के’। हालांकि नेताजी ने कोशिश अब तक नहीं छोड़ी है, संघ के लिए समर्पण की दुहाई देकर सिफारिश जारी है। वे शेष बचे निगम-मंडलों की ओर अब भी टकटकी लगाए बैठे हैं।


फर्जीवाड़ा कर झूठी वाहवाही लूट गईं कलेक्टर मैडम

किसानों को खुश करने में जुटी मोहन सरकार ने गेहँू खरीदी की तारीख भी बढ़ा दी है और केन्द्र से आग्रह कर खरीदी की मात्रा भी बढ़वा ली है। लेकिन खरीदी केन्द्रों पर खुलेआम फर्जीवाड़ा चल रहा है। वास्तविक किसानों को स्लॉट नहीं मिल रहे हैं और फर्जी अपने स्टॉक का माल धड़ाधड़ ठिकाने लगा रहे हैं। सीएम स्वयं भी बैठकों में खरीदी की समीक्षा कर रहे हैं। गालव ऋषि के नाम से बसे जिले वाली कलेक्टर मैडम ने सीएम के सामने अपने नंबर बढ़ाने के लिए विगत दिनों देहात में पहुंचकर कुछ खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया था। इस दौरान फूड अधिकारी द्वारा सौंपा गया एक वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। यह वीडियो शुगर मिल वाली जनपद के एक खरीदी केन्द्र पर बनाया गया था। वीडियो में गेहँू खरीदी में गड़बड़ी के लिए सीधा जिम्मेदारी एक सेल्समेन मैडम की व्यवस्थाओं की तारीफ करता सुनाई दे रहा है। खास बात यह है कि मैडम ने सोशल मीडिया पर इस सेल्समैन को किसान बताया है। अब यह तो मैडम ही जानें कि उन्होंने जानबूझकर ऐसा किया है अथवा उनके फूड अधिकारी ने ही फर्जी वीडियो सौंपकर उन्हें उलझाने की रणनीति बनाई है। खैर जो भी हो, वास्तविक किसान अब इस वीडियो को सीएम तक पहुंचाने की जुगत में जुट गए हैं।


अवैध वसूली का वर्चस्व, टू स्टार ने नेता के छुटकू को दी पटखनी

राजस्थान सीमा से सटे मध्य प्रदेश के शिवपुरी बॉर्डर पर हाल ही में परिवहन विभाग के प्रशिक्षण से लौटे टू स्टार और अवैध वसूली में जुटे दल बदलू भाजपा नेता के फीती वाले छुटकू के बीच घमासान देखने को मिला। प्रशिक्षण से लौटा वसूलीखोर टू स्टार ऊपर न्योछावर सौंपकर चेकपॉइंट संभालने पहुंचा तो भाई की नेतागिरी की गर्मी में छुटकू वसूली की कमान छोड़ने को तैयार नहीं था। छुटकू ने टू स्टार को सात दिन छकाया लेकिन रोज के हिसाब किताब की डायरी नहीं ही। छुटकू के नेता भाई ने भी जुगाड लगाने के लिए पूरी ताकत लगाई। अपने हर संवेदनशील अंग का जोर भी लगाया लेकिन जुगाड सेट नहीं हो पाई। ऊपर से स्पष्ट बोल दिया गया कुर्सी मिल गई,अब जंगल की लकड़ी कटो। सो बेचारे छुटकू को पॉइंट की चाबी टू स्टार को सौंपनी पड़ी। बता दें ट्राले कंटेनर वाले इस क्षेत्र में वसूली का ग्राफ  थाउजेंड के ऊपर से शुरू होता है। और नेता का भाई बिना प्रभारी बने ही सालभर से यहां ट्रक चालकों को लूटने में जुटा रहा। वैसे टू स्टार को अभी भी सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि वसूलीखोर छुटकू अभी भी पॉइंट पर ही पदस्थ है।