Breaking News:

• रेखा यादव ने संभाला महिला आयोग अध्यक्ष का कार्यभार • ‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश • पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश अध्यक्ष ने मिठाई के साथ खिलाई झालमुड़ी • कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार • मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले यह ऐतिहासिक और अभूतपूर्व दिन • रोटेशन नहीं ट्रांसफर हैं ये: चेकपोस्ट व्यवस्था के बाद ही जारी होगी परिवहन विभाग की चक्रानुक्रम (रोटेशन) सूची! अभी मैदानी अमले को मिलना शुरू हुई नई पदस्थापना
राजधानी

Image Alt Text

सिलेण्डरों में गैस कम, डिपो से मांगा रिकार्ड

राजधानी

भोपाल। भोपाल में घरेलू सिलेंडरों में गैस कम निकलने के मामले में ट्रांसपोर्टर और वाहन चालक पर गैस चोरी किए जाने का संदेह है। खाद्य विभाग की जांच में सामने आया कि सिलेंडर सीधे डिपो से ही ट्रांसपोर्टस के माध्यम गैस एजेंसी को भेजे गए थे। ऐसे में एजेंसी की संलिप्ता की संभावना कम है। इसलिए मामले में खाद्य विभाग ने डिपो से रिकॉर्ड मांगा है। ताकि गैस चोरी की सच्चाई पता चल सके।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को डिपो से सैनी गैस एजेंसी तक गैस सप्लाई के दौरान बड़ी गड़बड़ी उजागर हुई थी। भौंरी के बकानिया स्थित इंडेन ऑयल कंपनी के डिपो से निकले 342 घरेलू सिलेंडरों के ट्रक में से 27 सिलेंडरों में 1 से 2.5 किलो तक गैस कम मिली थी। औसतन 2 किलो के हिसाब से करीब 54 किलो गैस गायब पाई गई, जो लगभग 4 पूरे सिलेंडरों के बराबर है। इसके अलावा 5 सिलेंडर बिना सील के भी मिले थे। खाद्य नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार डिपो से रिकॉर्ड मांगा जा रहा है। 

डिपो से जानकारी ली जाएगी कि जब सिलेंडर से भरा ट्रक डिपो से निकला, तब वजन कितना था और गैस एजेंसी तक पहुंचने पर कितना वजन दर्ज किया गया। डिपो से ट्रांसपोर्टर के जरिए ही ट्रक निकला था। ड्राइवर भी ट्रांसपोर्ट का ही था। इसलिए जिम्मेदार ट्रांसपोर्ट व ड्राइवर की ही बनती है। इन सब बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

10 घंटे देरी से एजेंसी के गोदाम पहुंचा ट्रक 

इस प्रकरण में डिपो से ट्रक के बाहर निकलने और गैस एजेंसी के गोडाउन तक पहुंचने के समय पर पड़ताल की जा रही है। जानकारी के अनुसार ट्रक भौंरी स्थित डिपो से रात 8 बजे निकला था, जिसे डिपो से गोदाम तक की दूरी लगभग 25 किमी तक पहुंचने में अधिकतम 2-3 घंटे लगते। लेकिन यह ट्रक अगले दिन सुबह करीब 9 बजे पहुंचा। अधिकतम 3 घंटे भौरी से गोदाम तक आने का समय, लेकिन 10 घंटे तक ट्रक कहां रहा। पड़ताल की जा रही है कि क्या इसी बीच ट्रक से गैस चोरी की गई। इस मामले में खाद्य विभाग एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में है। जिला प्रशासन कीओर से सूचना दी गई है कि गैस कम मिलने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 181 पर कर सकते हैं। सिलेंडर लेते समय तौल कांटे से वजन जरूर जांचें, ताकि 14.2 किलो गैस की सही मात्रा सुनिश्चित हो सके।