राजनीति

Image Alt Text

शिकायतकर्ता के बजाय अधिकारियों की कुंडली बनाए सरकार

राजनीति

भोपाल। सीएम हेल्पलाइन और अन्य पोर्टल पर झूठी और आदतन शिकायत करने वाले तथा ब्लैकमेलर्स की सूची तैयार कराने के संबंध में सरकार के ओदश पर विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आपत्ति की है। उन्होंने कहा कि सरकार को इसे वापस लेना चाहिए। सिंघार ने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान करने में असफल रही तो अब शिकायतकर्ताओं को ‘ब्लैकमेलर’ और ‘आदतन शिकायती’ बताकर डराने तथा उनके नामों की सूची बनवाने का नया तरीका निकाल लिया है। शिकायतकर्ताओं की कुंडली बनाने के बजाय उन अधिकारियों की सूची तैयार की जानी चाहिए जिन्होंने गलत जवाब देकर शिकायतें जबरन फोर्स क्लोज कराईं। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि पूरे मध्यप्रदेश में सीएम हेल्पलाइन पर हजारों शिकायतें अधिकारियों ने बिना समाधान किए फोर्स क्लोज कर दी हैं। इस आदेश की आड़ में अधिकारी यही चाहते हैं कि जो जागरूक नागरिक जनता की समस्याओं को लेकर शिकायत करें, उन्हें उल्टा केस में फंसाकर परेशान किया जा सके। सिंघार ने कहा कि जनता शिकायत करने से कतराएगी, कोई विवाद नहीं चाहती है। सरकारी अधिकारी अगर किसी मामले में कुछ गलत मानते हैं तो पुलिस में जाएं न कि जनता में इस तरह का भय का माहौल बनाएं।